लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: सोमवार को ग्रामीणों ने जिले के बालूमाथ प्रखंड में जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर करीब 5 घंटे तक चंदवा-चतरा एनएच 99 को जाम कर दिया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। दरअसल, जिले के चंदवा से चतरा तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य के लिए तीन साल पहले बालूमाथ प्रखंड के ग्रामीणों की जमीन अधिग्रहित की गई थी। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया था कि उन्हें जमीन के बदले उचित मुआवजा दिया जाएगा।

लेकिन तीन वर्ष बीत जाने पर भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला। जिसके आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क जाम कर दिया। वे सुबह 6:30 बजे से ग्रामीण सड़क पर जाम लगाकर बैठ गएं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान उनकी जमीन अधिग्रहित कर मुआवजा देने की बात कही गई थी। लेकिन जब भी इसकी मांग की जाती है तो अधिकारियों द्वारा लगातार टाल मटोल किया जाता है। जिसके कारण अंततः सड़क जाम करना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो सड़क पर गाड़ियों का परिचालन बंद करवा देंगे।

सड़क जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण पुलिस की कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक जमीन के मुआवजे का भुगतान नहीं किया जाएगा तब तक वे सड़क जाम नहीं हटाएंगे। जिसके बाद करीब 10 बजे बालूमाथ के अंचल अधिकारी विजय कुमार पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही मुआवजे की पूरी राशि ग्रामीणों के खाते में पहुंचा दी जाएगी। जिसके बाद ग्रामीण जाम हटाने को तैयार हुए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *