लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: 25 अक्टूबर, झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन का आखिरी दिन है। इससे एक दिन पहले यानी गुरुवार को जिले के पांच विधानसभा सीटों पर कई दिग्गजों ने पर्चे भरे। नामांकन करने के लिए कोई उम्मीदवार वाहनों के काफिले के साथ पहुंचा तो कोई बैंड बाजे के साथ लेकिन इन सबके बीच पांकी के सागालीम निवासी विनय दांगी रिक्शा चलाकर नामांकन करने पहुंचे। विनय ने पांकी विधानसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल किया।
उल्लेखनीय है कि विनय पेशे से एक रिक्शा चालक और पंचर बनाने का काम करते हैं। गुरूवार को पांकी विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल करने पलामू समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान विनय ने न केवल सादगी का परिचय दिया, बल्कि जनता के दिलों पर अपनी छाप भी छोड़ी।
नामांकन के समय उनके साधारण मगर प्रभावशाली अंदाज ने सैकड़ों लोगों को आकर्षित किया, जो विनय की साइकिल रिक्शा पर सवार होकर नामांकन कार्यालय पहुंचने की अनूठी यात्रा को देखने पहुंचे थे। इस दौरान विनय का कहना है कि पांकी विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार ने विकास की सारी संभावनाओं को खत्म कर दिया है। यहां के नेताओं ने क्षेत्र की जनता के लिए कुछ नहीं किया। विकास कार्य ठप हैं और आम लोगों की समस्याएं अनसुनी हो गई हैं। यदि मैं चुनाव जीतता हूं, तो मेरा पहला काम भ्रष्टाचार को खत्म करना होगा और आम जनता की सेवा करना मेरी प्राथमिकता रहेगी।
