लाइव पलामू न्यूज/लातेहार : लातेहार पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, पुलिस ने पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई)के सक्रिय सदस्य विनोद परहिया उर्फ अर्जुन परहिया को गिरफ्तार किया है। अर्जुन को जिले के मनिका थाना क्षेत्र के बरवैया ग्राम के पास से गिरफ्तार किया गया है।

उक्त आशय की जानकारी पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने दी। एसपी ने बताया कि हमें लगातार सूचना मिल रही थी कि कई कांडों का वांछित अभियुक्त विनोद परहिया मनिका थाना क्षेत्र में भ्रमणशील है।

इसी क्रम में रविवार (9 मार्च 2025) को गुप्त सूचना मिली कि विनोद परहिया को मनिका के बरवैया ग्राम के पास घूमते देखा गया है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गयी। जिसके बाद टीम ने छापेमारी कर विनोद परहिया को धर दबोचा।

एसपी ने बताया कि विनोद विभिन्न कंपनियों, संवेदकों और व्यवसायियों से लेवी और रंगदारी मांगा करता था। वह गोली चलाने मे माहिर है। कई कांडों में वह वांछित भी था। लातेहार और पलामू जिले के विभिन्न थाने में उस पर कुल 8 मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *