CRIME NEWS/मेदिनीनगर : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहार इलाके में पति–पत्नी के बीच चल रहे आए दिन के विवाद ने एक हत्या का रूप ले लिया। यहां एक महिला ने अपने पति की रस्सी शसे गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक की पहचान आसेहार निवासी उदय यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उदय और उनकी पत्नी रंजू देवी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी दौरान रविवार को दोनों बाजार गए थे। बाजार से लौटने के बाद भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
घटना के दौरान अचानक रंजू देवी जोर–जोर से रोने लगी। शोर सुनकर घर के अन्य परिजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि उदय यादव बेड पर पड़े हैं और उनके गले में रस्सी लिपटी हुई है। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पति–पत्नी के बीच आपसी विवाद के दौरान यह घटना हुई है। पूछताछ में रंजू देवी ने बताया कि झगड़े के दौरान उदय यादव कई बार खुद ही अपने गले में रस्सी लपेट रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसी रस्सी से रंजू देवी ने उदय यादव का गला घोंटकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।