लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां सोमवार को एक ठग ने रंका मोड़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम पर एक महिला के साथ ठगी कर ली। मदद के नाम पर ठग महिला के एटीएम से 25 हजार रुपये को दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर चंपत हो गया। दरअसल, इस एटीएम पर ठगी का यह पहला मामला नहीं है।

इससे पहले भी कई मामले सामने आते रहे हैं। बावजूद इसके न प्रशासन के कान पर जूं रेंगती है। न ही लोग सतर्कता बरतते हैं। हुआ यूं कि सोमवार की सुबह महिला पैसा निकालने के लिए एटीएम पहुंची। जहां एक युवक ने उसे कार्ड उल्टा लगाने की बात कहकर मदद पेश किया। महिला ठग पर भरोसा कर बैठी और उसे अपना कार्ड दे दिया।

ठग ने मौके का फायदा उठाकर 25 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए और महिला को कार्ड वापस करते हुए कहा कि खाते में पैसे नहीं हैं। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना पर स्थानीय लोगों का कहना है कि पीएनबी के इस एटीएम पर सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं है। इस कारण भोली-भाली ग्रामीण महिलाएं और अन्य लोग आए दिन ठगी का शिकार होते हैं। वहीं बैंक प्रशासन ने मामले में अपना पल्ला झाड़ते हुए कहा कि एटीएम की सुरक्षा उनकी जिम्मेदारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *