लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : शनिवार की रात पलामू टाइगर रिजर्व के दक्षिणी वन प्रमंडल अंतर्गत गारू पश्चिमी वन क्षेत्र के बीसी-10 में एक युवा हाथी की मौत हो गई है। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम हाथी के पोस्टमार्टम प्रक्रिया में लग गई है। इस संबंध में पीटीआर डिप्टी डायरेक्टर कुमार आशीष ने बताया कि वन विभाग मामले की जांच कर रही है।

हाथी की मौत शनिवार की रात हुई है। मौके पर पोस्टमार्टम टीम को भेजा गया है।घटनास्थल पर खून के छींटे भी मिले हैं। हाथी युवा अवस्था में है और दांत भी मौजूद है। यह आपसी संघर्ष भी हो सकता है या कोई घटना भी हो सकती है। फिलहाल मामले की छानबीन की जारी है।
दरअसल, वन विभाग को सूचना मिली थी कि पीटीआर में एक हाथी की मौत हो गई है। जिसके बाद वन विभाग की टीम मामले की पुष्टि करने घटना स्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने पाया कि वहां एक युवा हाथी का शव पड़ा हुआ है।
बाद में इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। हालांकि हाथी की मौत कैसे हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। हाथी के दांत भी पूरी तरह सुरक्षित है। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि हाथियों के आपसी संघर्ष में हाथी की मौत हुई होगी।