LIVE PALAMU NEWS DESK : दिल्ली जलबोर्ड की लापरवाही ने पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। दरअसल, नोएडा में एक माह पूर्व हुई युवराज की मौत जैसी ही घटना दिल्ली के जनकपुरी में बृहस्पतिवार की रात हुई। जहां दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए करीब 15 चौड़े और 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल ध्यानी के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि, अक्टूबर 2025 में जनकपुरी निवासियों को मीठा पानी उपलब्ध कराने की योजना की शुरुआत हुई थी। जिसके लिए जोगिंदर सिंह मार्ग पर डाबरी की ओर जाने वाली सड़क को बंद किया गया था। सड़क की शुरुआत में बैरिकेड तो थे, लेकिन उनके बीच करीब ढाई फीट का गैप था।

जाम से बचने के लिए बाइक सवार अक्सर इसी संकरे गैप से निकलकर आगे बढ़ते थे। गुरुवार को जल बोर्ड ने ठीक उसी कट से पहले एक बड़ा गड्ढा खोद दिया था, जिसकी जानकारी कमल को नहीं थी।

अंधेरा और गड्डे से पहले कोई रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण कमल गड्ढे के मुहाने तक पहुंच गया और सड़क किनारे बची मात्र ढाई फीट की जगह, जिस पर गीली मिट्टी फैली थी, वहां से गुजरते समय फिसलकर सीधे 20 फीट गहरे गड्ढे में समा गया।

कमल ने रात 11:53 में अपने भाई को फोन कर कहा कि वह जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट के पास है।जहां से 15 मिनट में पहुंचने की बात कही थी। जब वह नहीं पहुंचा, तो सात दोस्त और स्वजनों ने पहले उसे कॉल किया, पर करीब एक घंटे तक फोन नहीं उठाने पर परिवार और उसके दोस्त उसकी तलाश में निकले। परिजन पहले कमल के ऑफिस गए उन्हें लगा कि कहीं वह वापस तो नहीं चला गया। वहां जानकारी नहीं मिलने पर वे विकासपुरी थाने पहुंचे, जहां उनकी शिकायत दर्ज कर आश्वासन देकर वापस भेज दिया गया। फिर वे उसके आने जाने की रूट पर पड़ने वाले अस्पतालों में पहुंचे कि कोई हादसा हुआ हो।

रास्ते में आने वाले हर थाने में गए। इसके बाद वे करीब जनकपुरी थाने में पहुंचे, जहां पुलिसकर्मियों ने कमल के मोबाइल का लोकेशन निकाला जो, घटना स्थल से 200 मीटर पर स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क का था।

रात 1 बजे उसी गड्ढे के पास भी वे लोग पहुंचे , लेकिन घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण उन्हें कुछ भी नजर नहीं आया। सुबह जब लोगों ने देखा, तो वह गड्ढे में अपनी बाइक के नीचे दबा हुआ था। एक व्यक्ति ने गड्ढे के पास पड़े पानी के पाइप के सहारे नीचे उतरकर कमल के उपर से बाइक को हटाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *