LIVE PALAMU NEWS DESK : झारखंड के युवक की सऊदी अरब में गोली लगने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान विजय कुमार महतो (26 वर्षीय) गिरिडीह जिले के निवासी के रूप में हुई है। युवक कमाने के लिए सउदी अरब गया था।

घटना 16 अक्टूबर को उस वक्त घटी जब विजय सऊदी अरब की पुलिस और जबरन वसूली करने वाले अपराधियों के बीच चल रही गोलीबारी के बीच फंस गया। गोलीबारी जेद्दा पुलिस और जबरन वसूली करने वाले गिरोह के बीच हुई थी। बताया जा रहा है कि विजय को गलती से पुलिस की गोली लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि करीब 9 महीने पहले विजय ट्रांसमिशन लाइन परियोजनाओं का काम करने के लिए सऊदी अरब गया था और वहां एक निजी कंपनी में काम करता था। 16 अक्टूबर को कंपनी के अधिकारी के निर्देश पर वह सामान लाने गया था, जहां स्थानीय पुलिस और वसूली करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई।
उसने अपनी पत्नी बसंती देवी को व्हाट्सएप पर एक मैसेज भेजा था, जिसमें उसने गोलीबारी में फंसने और घायल होने की बात कही थी। जिसके बाद पत्नी ने इसकी सूचना ससुराल वालों को दी थी। उन्हें लगा कि वह इलाज करा रहा है। महतो जिस कंपनी में काम करता था, उसने 24 अक्टूबर को परिवार को उनकी मौत की सूचना दी।
विजय की मौत के बाद झारखंड श्रम विभाग ने तत्परता दिखाते हुए उनके पार्थिव शरीर को वापस भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने इस संबंध में सऊदी अरब में भारतीय दूतावास से संपर्क कर शव वापसी की कार्रवाई में जुटी है।