लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां अवैध संबंध के शक में एक पिता ने अपने 10 माह की दुधमुंही बच्ची को पटक कर मार डाला। दरअसल सोमवार देर रात महुआडांड़ थाना क्षेत्र के महुआटोली निवासी दिलीप कुजूर और कुंती मुंडा पिछले आठ साल से पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे। दोनों के दो बच्चे भी हुए। जिन्में से दूसरी बेटी 10 माह की थी। लेकिन दूसरी बेटी के जन्म के बाद से दिलीप को शक हो गया था कि कुंती का संबंध किसी और से है और दूसरी संतान उसकी नहीं बल्कि किसी और की है। इस बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था।

इस क्रम में सोमवार देर रात शराब के नशे में चूर होकर दिलीप घर आया और कुंती से बहस करने लगा। अचानक दिलीप ने बगल में सो रही 10 माह की बच्ची को उठाया व जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद कुंती ने शोर मचाया जिससे वहां लोग जमा हो गये और दिलीप को पकड़ लिया।

इसके बाद लोगों ने पुलिस को घसूचना दी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मंगलवार को बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। इस बाबत पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जा रहा है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *