लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: लातेहार पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के इनामी एरिया कमांडर काजेश गंझू को हेसला गांव से हथियार समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला निवासी है। उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित है। इस बाबत सोमवार को प्रेसवार्ता करते हुए एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी एरिया कमांडर काजेश गंझू अपने गांव हेसला के आसपास देखा गया है। सूचना के बाद एसडीपीओ संतोष कुमार मिश्रा व पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम गठित कर नक्सली के खिलाफ छापेमारी की गयी। जैसे ही टीम गांव पहुंची, नक्सली को इसकी भनक लग गयी और वह भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन पुलिस ने घेरकर उसे पकड़ लिया। वहीं उसके पास से एक देशी तमंचा और एक गोली भी बरामद हुई है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार एरिया कमांडर लातेहार के अलावा आसपास के कई जिलों में सक्रिय था। उस पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में 24 से अधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि चंदवा थाना क्षेत्र के लउकुइया में 2019 में हुए नक्सली हमले में चार जवान शहीद हुए थें। काजेश भी उस नक्सली हमले में शामिल था।काजेश भाकपा माओवादी के रीजनल कमांडर रवींद्र गंझू का बेहद भरोसेमंद कमांडर था और उसके साथ तमाम वारदातों में शामिल रहता था। पुलिस को इसकी कई दिनों से तलाश थी। इस अभियान में चंदवा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, पुअनि जमील अंसारी, नारायण यादव, दिव्य प्रकाश, कुंदन कुमार व सेट 202 के सशस्त्र बल शामिल थे।