लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: गुरुवार को नवाबाजार थाना में झारखंड के पूर्व मंत्री सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे समेत दस के खिलाफ नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इसकी पुष्टि विश्रामपुर एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने भी की है। यह प्राथमिकी बुधवार की शाम पूर्व मंत्री ददई दुबे और उनके अन्य साथियों द्वारा उक्त एजेंसी के पड़वा कैम्प ऑफिस में धावा बोलने और गाली-गलौज के साथ मारपीट करने को लेकर दर्ज करवाई गई है।
इस मामले में चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे पर आईपीसी की धारा 147, 149, 341, 342, 353, 323, 447, 504, 506 लगाई गई है। उन पर आरोप है कि ददई दुबे अपने निजी सहायक और 8-10 अज्ञात लोगों के साथ कार्यालय में घुसे और कंपनी के इंजीनियर दीपांजन दत्ता और अन्य कर्मियों के साथ गाली गलौज और मारपीट की है। नवाबाजार थाना प्रभारी दीपक कुमार दास ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है। गौरतलब है कि पूर्व मंत्री ददई दुबे ने कथित तौर पर थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों को फोन पर हड़काया। इस दौरान एनएचआई के कैंप कार्यालय में तैनात एक रिटायर पुलिस इंस्पेक्टर की पिटाई भी की गई।