लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: शनिवार को जिला मंडल कारा में बंद लॉब लिंचिंग के आरोपी कैदी संधू मुंडा की मौत हो गई थी। अब यह मामला पूरी तरह गरम हो चुका है। इस मामले में जेल सुपरिटेंडेंट के आवेदन के अनुसार 5 जेल कर्मियों कक्षपाल शंकर मुंडा, चंद्रशेखर, दीप नारायण विश्वकर्मा, प्रदीप प्रजापति तथा मनोहर बारला पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। दरअसल, शनिवार (6 मई) की रात मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन रविवार को इस बात पर अड़ गए कि जब तक इस घटना में प्राथमिकी की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बताते चलें कि डायन बिसाही के आरोप में दोहरे हत्याकांड की घटना में आरोपी संधू मुंडा मंडल कारा में बंद था ।
इसी दौरान तबीयत बिगड़ने पर शनिवार को सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चिकित्सकों ने उसकी मौत का कारण दौरा पड़ने से होनी बताई थी। लेकिन परिजनों का आरोप है कि शव के शरीर पर कई जख्म के निशान थें। उन्होंने कहा कि कैदी की हत्या लाठी-डंडे से पीटकर की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक के परिजनों को आश्वस्त किया गया है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इधर मृतक के परिजन तथा अन्य ग्रामीण इस बात पर अड़े हैं कि जब तक दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कर प्राथमिकी की कॉपी उन्हें नहीं मिलेगी तब तक वे मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस बाबत एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि यह मामला काफी गंभीर है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि जांच के बाद दोषी पर कानूनी कार्रवाई होगी। कानून सबके लिए एक है और कानून के नजर में सब बराबर हैं। वहीं डीसी भोर सिंह यादव ने कहा कि मामले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। सरकारी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।