गढ़वा : एसडीएम संजय पांडेय के साप्ताहिक संवादात्मक कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” के अगले सत्र में इस बार जूता–चप्पल व्यवसाय से जुड़े स्थानीय डीलर्स, उद्यमियों और दुकानदारों को आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम बुधवार 10 दिसम्बर को प्रातः 11:00 बजे अनुमंडल सभागार, गढ़वा में आयोजित होगा।

इस साप्ताहिक जन–संवाद का उद्देश्य स्थानीय बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों को समझना, दुकान संचालन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों को सीधे व्यवसायियों से सुनना तथा फुटपाथ एवं भीड़–भाड़ वाले क्षेत्रों में नागरिक व्यवस्थाओं को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए साझा समाधान विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर जरूरी सुझावों के अलावा व्यापारी हित से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी ताकि प्रशासन और व्यापारियों के बीच सहयोगात्मक वातावरण को और मजबूत किया जा सके।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी जूता–चप्पल व्यवसायियों, होलसेलरों एवं ट्रेड प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे समय निकालकर निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याएँ, सुझाव और अनुभव साझा करें।