पलामू: बुधवार की सुबह हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब हड़ही नदी से झोले में बंद एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय बच्चे नदी में मछली पकड़ने गए थे तभी उनकी नजर पानी में तैरते एक झोले पर पड़ी।

संदिग्ध लगने पर उन्होंने झोला खोलकर देखा तो अंदर नवजात का शव था। यह दृश्य देखकर बच्चे सहम गए और तुरंत पुलिस एवं ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। हुसैनाबाद के अंचल अधिकारी (सीओ) पंकज कुमार भी स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है। सीओ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को नदी में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *