मेदिनीनगर : जिले में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला प्रकाश में आया है। अभ्यर्थियों को फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर ठगों द्वारा सिविल सर्जन के नाम पर पैसे की मांग की जा रही थी। इधर मामले की सूचना पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने मेदिनीनगर टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

दरअसल, कुछ माह पहले पलामू स्वास्थ्य विभाग में एएनएम, जीएनएम, फार्मासिस्ट समेत कई पदों पर अनुबंध के आधार पर बहाली प्रक्रिया पूर्ण की गई थी। ठगों ने इसका फायदा उठाते हुए अभ्यर्थियों को निशाना बनाया। उन्होंने वाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से अभ्यर्थियों से संपर्क कर फर्जी नियुक्ति पत्र भेजे और नियुक्ति के एवज में पैसों की मांग की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बहाली की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न की जा चुकी है। ठगों द्वारा फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर सिविल सर्जन के नाम का दुरुपयोग करते हुए अभ्यर्थियों से पैसे की उगाही करने का प्रयास का मामला सामने आया है। मामले को लेकर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव

इस संबंध में मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि सिविल सर्जन के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फर्जी नियुक्ति पत्र भेजने व पैसे मांगने में प्रयुक्त मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *