मेदिनीनगर : मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) 2012 बैच के अधिकारी किशोर कौशल ने आज पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), पलामू क्षेत्र के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पलामू क्षेत्र में पुलिस प्रशासन का संचालन टीम भावना के साथ हो, यही उनकी प्राथमिक अपेक्षा और निरंतर प्रयास रहेगा।

डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि विधि-व्यवस्था का सुदृढ़ संधारण, आपराधिक घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा किसी भी घटना के घटित होने पर उसका ससमय एवं निष्पक्ष उद्भेदन सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में संचालित पुलिस अभियानों को सतत और परिणामोन्मुख बनाए रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस के समक्ष मौजूद चुनौतियों को गहराई से समझते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। पलामू पहुंचने पर डीआईजी किशोर कौशल को कार्यालय परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इस अवसर पर पलामू की उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने डीआईजी से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *