मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर मेदिनीनगर नगर निगम का मेयर पद महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इसके बाद अब इस नगर निगम में केवल महिला उम्मीदवार ही मेयर पद के लिए चुनाव लड़ सकेंगी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नई आरक्षण सूची के अनुसार यह निर्णय लिया गया है। सूची में मेदिनीनगर नगर निगम को अनारक्षित महिला श्रेणी में रखा गया है। वहीं झारखंड के अन्य नगर निगमों के लिए भी आरक्षण तय किया गया है। इसके तहत हजारीबाग नगर निगम को अत्यंत पिछड़ा वर्ग-1, गिरिडीह नगर निगम को अनुसूचित जाति, देवघर और चास नगर निगम को अनारक्षित, सरायकेला-खरसावां/आदित्यपुर नगर निगम को अनुसूचित जनजाति तथा पूर्वी सिंहभूम/मानगो नगर निगम को अनारक्षित महिला श्रेणी में रखा गया है। मेदिनीनगर में मेयर पद महिला आरक्षित होने की घोषणा के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कई महिला नेता और सामाजिक कार्यकर्ता मेयर पद की दावेदारी को लेकर सक्रिय हो गई हैं और चुनावी तैयारियों में जुटने लगी हैं। राजनीतिक दलों के भीतर भी संभावित महिला उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि महिला आरक्षण से नगर निगम की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नेतृत्व को नई मजबूती मिलेगी। अब आने वाले चुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि मेदिनीनगर नगर निगम की पहली महिला मेयर के रूप में जनता किसे चुनती है।
रिपोर्ट : नितेश तिवारी