मेदिनीनगर : राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के पदाधिकारियों के साथ शहर थाना परिसर में डीएसपी राजीव रंजन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, सदर थाना प्रभारी लालजी, टीओपी-1, टीओपी-2, टीओपी-3 तथा ट्रैफिक प्रभारी शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 2 फरवरी को प्रस्तावित कलश यात्रा के दौरान नगर भ्रमण को लेकर सुरक्षा, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श करना था। इसी क्रम में परशुराम सेना भार्गव द्वारा 15 जनवरी को भगवान श्री परशुराम की मूर्ति का नगर भ्रमण सह हनुमंत पूजा आयोजन की जानकारी दी गई।

नगर भ्रमण की शुरुआत निगम क्षेत्र सिंगरा से होगी, जो बिसफुटा, पुलिस लाइन रोड, साहित्य समाज (भारत माता चौक), हॉस्पिटल चौक, छह मुहान, कचहरी, रेड़मा चौक होते हुए रांची रोड स्थित रेड़मा के मथुराबाड़ी में नवनिर्मित भगवान श्री परशुराम मंदिर में संपन्न होगी। कार्यक्रम के तहत अपराह्न 3 बजे से हनुमंत पूजा का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में डीएसपी राजीव कुमार ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यज्ञ क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा एक कंट्रोल रूम की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही यज्ञ स्थल पर अग्निशमन केंद्र एवं आग से बचाव के लिए आवश्यक उपकरण रखना अनिवार्य होगा।

पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने और यज्ञ समिति के सभी वालंटियरों को फोटोयुक्त पहचान पत्र पहनना अनिवार्य बताया गया। बैठक में परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष मधुकर शुक्ला, दिलीप तिवारी मिंटू, अजय तिवारी, बसंत तिवारी, सुनील तिवारी, अभिषेक तिवारी, मीडिया प्रभारी नितेश तिवारी, धीरज मिश्रा, संजीत पाण्डेय, अनिमेष शुक्ला, अंकित पाण्डेय, रितिक चौबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *