गढ़वा : एसडीएम संजय कुमार ने अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए बीती मध्यरात्रि लगभग तीन घंटे तक क्षेत्र में सघन भ्रमण एवं छापेमारी अभियान चलाया।छापेमारी के क्रम में विभिन्न चौक-चौराहों पर चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों से रेकी कर रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई

वहीं, रात्रि लगभग एक बजे दर्जन भर चौक चौराहों एवं अन्य स्थानों पर अवैध बालू उठाव व परिवहन में प्रत्यक्ष- अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त 100 से अधिक लोग अपने वाहनों में बैठकर रेकी करते मिले, जिनमें से कुछ लोग एसडीएम की गाड़ी को देखकर फरार हो गए। कुछ लोग अपने दो पहिया और चार पहिया वाहन छोड़कर पैदल ही दौड़ लगा गये। मौके पर छोड़े गए वाहनों के नंबरों के आधार पर उन पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

इस दौरान गढ़वा अनुमंडल में कुल 6 ट्रैक्टर अवैध बालू परिवहन करते हुए पकड़े गए। इनमें से 3 ट्रैक्टर एसडीएम संजय कुमार द्वारा स्वयं शहर के विभिन्न इलाकों से पकड़े गए, जबकि 3 ट्रैक्टर कांडी अंचलाधिकारी द्वारा कांडी क्षेत्र से जब्त किए गए।

शहरी क्षेत्र में सहिजना हनुमान नगर की गली में एक ट्रैक्टर बालू गिराते हुए पकड़ा गया। जांच में यह ट्रैक्टर सुजीत उपाध्याय का पाया गया, उक्त व्यक्ति के विरुद्ध पूर्व से भी निरोधात्मक कार्रवाई चल रही है। इसलिए उसे आदतन मानते हुए BNSS की धारा 129 (पूर्ववर्ती CrPC 110) के तहत कार्रवाई प्रारंभ की जा रही है।

वहीं नवादा मोड़ के पास अवैध बालू परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर क्रमशः पकड़े गए। इनमें से पहले ट्रैक्टर का चालक एसडीएम की गाड़ी देखकर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।

बालू की दलाली करने वाले दो युवक धराये

करमडीह के पास बाईपास फोरलेन हाइवे किनारे एक बिना शटर की दुकान में कंबल ओढ़कर सो रहे दो युवकों को एसडीएम ने पकड़कर पूछताछ की। करमडीह गांव के रहने वाले इन दोनों युवाओं ने प्रारंभ में एसडीएम को भ्रामक जानकारी दी,‌ कि वे समोसा बनाने का काम करते हैं, लेकिन उनके मोबाइल फोन की जांच में बालू चोरों से लगातार संपर्क पाए जाने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे रात्रि में अवैध बालू बिक्री के लिए कई बालू चोरों के लिए दलाली का कार्य करते हैं। दोनों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

संजय कुमार ने कहा कि देर रात्रि बालू ट्रैक्टरों का अवैध परिचालन सिर्फ अवैध खनन का मामला नहीं है बल्कि क्षेत्र की विधि व्यवस्था से सीधे जुड़ा हुआ गंभीर मामला है। जिससे न केवल लोगों की सुरक्षा प्रभावित होती है बल्कि उनकी नींद और शांति भी भंग होती है। इसलिए इस विषय पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *