चतरा : सोमवार को नगर परिषद (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में दूसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त द्वारा निर्वाचन की अद्यतन स्थिति, प्रत्याशियों की संख्या, मतदान एवं मतगणना कार्यक्रम सहित तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।


इस दौरानउपायुक्त ने बताया कि प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात सामान्य प्रेक्षक सुधीर दास एवं व्यय प्रेक्षक द्वारा सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थें। बैठक में प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता, व्यय सीमा एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दे दी गई है।

84 प्रत्याशी शेष :

उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के कुल 22 वार्डों में वार्ड पार्षद पद हेतु नामांकन दाखिल किए गए थे। संवीक्षा एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात कुल 84 प्रत्याशी वैध रूप से शेष रहे। नाम वापसी के उपरांत वार्ड संख्या 11 से वेदवती जयसवाल तथा वार्ड संख्या 13 से माया देवी के विरुद्ध कोई अन्य प्रत्याशी शेष नहीं रहने के कारण दोनों प्रत्याशियों ने वार्ड पार्षद पद पर निर्विरोध निर्वाचन हासिल कर लिया है। इस प्रकार नगर परिषद क्षेत्र के दो वार्डों में निर्वाचन प्रक्रिया बिना मतदान के ही संपन्न हो गई।

22 प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला:

शेष 20 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 82 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनके बीच मतदान के माध्यम से निर्वाचन कराया जाएगा। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 22 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी प्रत्याशी द्वारा नाम वापस नहीं लिए जाने के कारण अध्यक्ष पद के लिए 22 प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा।

 

36,261 मतदाता पंजीकृत

नगर परिषद क्षेत्र में कुल 36,261 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 17,879 पुरुष एवं 18,382 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन के सफल संचालन हेतु 22 वार्डों में कुल 42 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो 26 मतदान केंद्र भवनों में संचालित होंगे।

सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण संपन्न :

उन्होंन आगे बताया कि निर्वाचन की तैयारियों के तहत अधिकारियों द्वारा सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करवा लिया गया है। निरीक्षण के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप कुछ कमियां पाई गई हैं, वहां पेयजल, विद्युत, शौचालय, रैंप सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मतदान दिवस से पूर्व सभी मतदान केंद्रों को आयोग के मानकों के अनुरूप पूर्ण रूप से तैयार कर लिया जाएगा।

साथ ही उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी जानकारी दी गई कि निर्वाचन में भाग ले रहे प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार, रैली, जनसभा, गोष्ठी, चुनाव कार्यालय संचालन एवं प्रचार वाहनों पर किए जा रहे व्यय की सघन निगरानी की जा रही है। प्रत्याशियों द्वारा संधारित व्यय लेखा पंजी, अद्यतन पासबुक, सभी व्यय विपत्र, विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रचार वाहनों के संबंध में निर्वाची पदाधिकारी से प्राप्त अनुमति पत्र सहित अन्य आवश्यक कागजातों की जांच व्यय प्रेक्षक की उपस्थिति में व्यय कोषांग द्वारा की जाएगी।

ये रहे उपस्थित:

उक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद सहित सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधु तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *