रांची : JPSC द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षा में उम्र सीमा में छूट का फैसला राज्य सरकार चुनाव आचार संहिता के बाद करेगी। दरअसल, कार्मिक प्रशासनिक विभाग ने कैबिनेट में विगत दिनों उम्र सीमा में तीन साल की छूट देने का प्रस्ताव कैबिनेट में पेश किया था। लेकिन आचार संहिता की वजह से इस पर फैसला नहीं किया जा सका।

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में अधिकतम और न्यूनतम उम्रसीमा की गणना के लिए कटऑफ डेट 1-8-2026 निर्धारित है। राज्य में नियमित रूप से सिविल सेवा परीक्षा नहीं होने के कारण अधिकांश छात्रों की उम्र परीक्षा के लिए निर्धारित उम्र से ज्यादा हो गयी है।

इसके मद्देनजर परीक्षा में शामिल होने के लिए आठ साल के छूट की मांग की जा रही है। छात्रों की मांग मानने की स्थिति में सामान्य श्रेणी के 38 साल तक के उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हो पायेंगे। साथ ही इस श्रेणी के नि:शक्त परीक्षार्थी 48 साल तक की उम्र में परीक्षा में शामिल हो पायेंगे। इसी तरह हर श्रेणी के छात्र अपनी-अपनी श्रेणी के लिये निर्धारित उम्र सीमा से ज्यादा की उम्र में परीक्षा में शामिल हो पायेंगे।

हालांकि सरकार छात्रों की मांग के अनुरूप उन्हें आठ साल की छूट देने के पक्ष में नहीं है। इसलिए कार्मिक प्रशासनिक विभाग की ओर से 14 वीं संयुक्त सिविल परीक्षा में अधिकतम तीन साल तक की छूट देने का प्रस्ताव तैयार सहमति के लिए कैबिनेट में भेजा था। लेकिन नगर निगम चुनाव के मद्देनजर राज्य में लागू आचार संहित की वजह से इस प्रस्ताव पर फैसला नहीं हुआ था। जिस पर चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद फैसला किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *