LIVE PALAMU NEWS DESK : परबत्ता प्रखंड प्रमुख रीता देवी ने बीडीओ संतोष कुमार पंडित पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। दरअसल, रीता देवी का कहना है कि बीडीओ ने उनसे दुर्व्यवहार किया और 18 प्रतिशत कमीशन की भी मांग की। इधर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें परबत्ता बीडीओ गुस्से में प्रखंड प्रमुख से यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं- पेमेंट नहीं करेंगे, जाइए, जिसको कहना है कह दीजिए।

वीडियो में दिखने वाला स्थान, परबत्ता आईटी भवन स्थित ऑपरेटर कक्ष के पास का है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि लाइव पलामू न्यूज नहीं करता है।
परबत्ता प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी ने कहा कि पंचायत समिति की योजना से कोलवारा गांव एवं कोलवारा पंचायत के नवटोलिया में पोखर निर्माण का कार्य कराया गया था। इसके अलावा, भोरकाठ में पेवर ब्लॉक से संबंधित कार्य भी हुआ था। 8 माह पूर्व सभी कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
बीडीओ के स्तर से 60 प्रतिशत राशि का भुगतान भी किया जा चुका है। 40 प्रतिशत राशि का भुगतान नहीं हुआ है। प्रमुख ने आरोप लगाया कि कार्य पूर्ण होने के बावजूद बीडीओ द्वारा राशि भुगतान में लगातार आनाकानी की जा रही है।
प्रमुख का कहना है कि बीडीओ 18 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं और बार-बार धमकी भरे लहजे में कहते हैं- जाइए, जिसको कहना है कह दीजिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस घटना की जानकारी देंगे। महिला आयोग जाने की बात भी कही हैं।
संबंधित योजनाओं की जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। प्रखंड प्रमुख द्वारा भुगतान को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा हैं। उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जा रहा है।
संतोष पंडित, बीडीओ, परबत्ता