मेदिनीनगर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण कार्यालय की ओर से आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति टाउन हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त समीरा एस. उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त समीरा एस. ने जिले की सभी महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तिकरण तथा उनके सर्वांगीण उत्थान पर विशेष बल दिया। उन्होंने डायन कुप्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों से आगे आने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं महिला हेल्पलाइन के माध्यम से अथवा सीधे जिला प्रशासन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी या अनुमंडल पदाधिकारी से संपर्क कर सकती हैं। प्रशासनिक टीम उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है। साथ ही उन्होंने जेएसएलपीएस के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया।
**उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन* ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है तथा महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा विभागीय योजनाओं से संबंधित जागरूकता स्टॉल लगाए गए। इसमें मुख्य रूप से पोषण से संबंधित पौष्टिक आहार एवं व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही गर्भावस्था से लेकर बच्चे के दो वर्ष तक के प्रथम 1000 दिनों के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। उपायुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर संबंधित प्रदर्शनी की जानकारी ली।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका एवं बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।