मेदिनीनगर : शहर के सुदना स्थित डेडीकेटेड प्रीमियर स्कूल में वार्षिक परिणाम दिवस सह ग्रेजुएशन डे एवं ओलंपियाड सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि स्कूल के चेयरमैन ई विनय मेहता द्वारा रिबन काटकर किया गया। इसके बाद कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय परिवार की तरफ से स्कूल की प्रभारी प्राचार्या डॉ श्वेता कुमारी ने मुख्य अतिथि स्कूल के चेयरमैन ई विनय मेहता तथा गेस्ट ऑफ ऑनर एडवोकेट श्री दिवाकर दुबे को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान किया ।
मौके पर डेडीकेटेड सोसाइटी के सी ओ ओ श्री एस के एल दास, स्कूल की उपप्राचार्या श्रीमति नीलिमा मिश्रा, MDI कॉलेज की उपप्राचार्या श्रीमति पूनम पांडे, डेडीकेटेड सोसाइटी के प्रशासनिक हेड श्री रविशंकर दुबे ,कोऑर्डिनेटर श्री हरेंद्रनाथ, एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
समारोह के दौरान नर्सरी और एलकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा आकर्षक वेलकम डांस प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान ओलंपियाड प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र ,एवं गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही ग्रेजुएशन डे के अवसर पर यूकेजी के विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर उन्हें ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट प्रदान किए गए और उनके साथ समूह फोटो भी लिया गया, जो बच्चों और अभिभावकों के लिए यादगार क्षण रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्कूल के चेयरमैन ई विनय मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं गेस्ट ऑफ ऑनर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रभारी प्राचार्या ने भी अपने संबोधन में विद्यालय की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की सफलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और प्रतिस्पर्धात्मक सोच से भी सशक्त बनाना है।
उसके पश्चात एकेडमिक रिजल्ट घोषित किया गया जिसमें प्रत्येक कक्षा से टॉप रैंकर्स को मेडल, एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। स्कूल मैनेजमेंट के तरफ से स्कूल के सभी शिक्षकों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस प्रकार हर्षोल्लास और प्रेरणादायक वातावरण के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मंच का सफल संचालन स्कूल के अकादमिक एवं ओलंपियाड इंचार्ज निशिकांत पांडे ने किया।