मेदिनीनगर : रविवार को जिले में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हुआ था। जिसमें घायल 4 लोगों की स्थिति गंभीर है। अब इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। एलपीजी डीलर के लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं लापरवाही बरतने के आरोप में टीओपी-3 के प्रभारी समेत टाइगर मोबाइल के जवानों को भी निलंबित कर दिया गया है।

पलामू के हरिहरगंज के पथरा ओपी में तैनात मंटू कुमार को टीओपी-3 का नया प्रभारी बनाया गया है. पाटन थाना में तैनात एएसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह को पथरा ओपी का नया प्रभारी बनाया गया है।
जिस जगह पर ब्लास्ट हुआ था, वहां एक गैस एजेंसी का डंप सिलेंडर रखा हुआ था। पूरे मामले में प्रशासन और पुलिस की टीम अलग-अलग जांच कर रही है। जहां रविवार को अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया था। संबंधित डीलर के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनके खिलाफ अन्य कानूनी कार्रवाई के बिंदुओं पर योजना तैयार की जा रही है।
उपायुक्त समीरा एस ने मामले में प्रशासनिक कार्रवाई की पुष्टि की है। इधर ब्लास्ट के मामले में टीओपी-3 के प्रभारी अजय कुमार गुप्ता और उनकी टीम में तैनात टाइगर मोबाइल के जवानों को निलंबित कर दिया गया है।
जिस इलाके में यह घटना हुई थी वह इलाका मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टीओपी-3 का इलाका है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटनास्थल पर खाली और भरा हुआ चार दर्जन के करीब एलपीजी सिलेंडर मौजूद थें, लेकिन सोमवार को घटनास्थल में मात्र 18 एलपीजी सिलेंडर होने की पुष्टि हुई है।
लापरवाही बरतने के मामले में टीओपी-3 के प्रभारी समेत पूरी टीम को निलंबित कर दिया गया है। घटनास्थल से कुछ सिलेंडर गायब मिले हैं। पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई भी कर रही है।एसपी रीष्मा रमेशन
बता दें कि जिस इलाके में यह ब्लास्ट हुआ है, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है।