मेदिनीनगर : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।बैठक में डीसी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।उन्होंने बताया कि मार्च माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त 44 वाहनों को जब्त किया गया तथा 29 लाख 86 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है साथ ही तीन प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।जिले में 201 ईंट भट्ठों की जांच की गयी,जिसमें सभी को नोटिस जारी किया गया तथा 137 ईंट भट्ठों से 2,19,20,000 रुपये दंड राशि की वसूली की गयी।जिला परिवहन विभाग द्वारा 61 वाहनों को जब्त कर 14 लाख 70 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया,जबकि वन विभाग की ओर से शून्य वाद दर्ज किए गये।वहीं विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में 69 वाहन जब्त किए गए,जिसमें सर्वाधिक छत्तरपुर अंचल से 13 वाहन जब्त हुए हैं।जनवरी एवं फरवरी माह में भी सबसे अधिक कार्रवाई छत्तरपुर में ही की गयी थी।इसी तरह 24 ईंट भट्ठों,3 स्टोन माइंस,2 स्टोन क्रशरों की जांच की गयी।बैठक में डीसी ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न स्थानों से अवैध खनन से जुड़ी सभी गतिविधियों की शिकायतें मुझे व्हाट्स एप के ज़रिये प्राप्त होती हैं,जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं।इसी प्रकार की शिकायतें नहीं आये,यह आप सबों को ही सुनिश्चित करना है।उन्होंने कहा कि यह तब ही संभव है जब सभी थाना प्रभारी और सीओ अपने-अपने क्षेत्र में अवैध बालू पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने की दिशा में कार्य करें।उन्होंने पुलिस,परिवहन व खनन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने,चेकपोस्टों पर सघन जांच करने तथा खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने अंचलवार जब्त किये गये अवैध बालू के वाहनों की जानकरी ली,इसमें जहां 5 से कम वाहन जब्त हुए हैं वहां के सीओ व थाना प्रभारी को पूरी सक्रियता के साथ रात में लगातार निरीक्षण करने पर बल दिया।इसी क्रम में उन्होंने हरिहरगंज के थाना प्रभारी को विशेष सतर्कता बरतने की बात कही।उन्होंने कहा कि चूंकि वह बॉर्डर एरिया है ऐसे में उस क्षेत्र से अवैध शराब के परिवहन होने संबंधी शिकायतें भी आती है।उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और वन विभाग,पुलिस व अंचल प्रशासन आपसी समन्वय के साथ निगरानी करें।बैठक में हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,सदर एसडीओ सहित विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *