गढ़वा: प्रशासनिक अनुशासन एवं सरकारी सेवा मर्यादा के उल्लंघन के एक गंभीर मामले में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए केतार प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के तीन कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है एवं उनसे कारण पृच्छा की गई है।

बीते दिनों, दिनांक 9 अप्रैल 2026 को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, केतार में कार्यरत श्री राजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक, नीरज कुमार सिंह, जनसेवक एवं जितेन्द्र उरांव, अनुसेवक द्वारा कार्यालय अवधि के दौरान शराब का सेवन कर कार्यालय आए ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। इस संबंध में रवि कुमार गुप्ता के द्वारा लिखित तौर पर शिकायत की गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच कराई गई, जिसमें मेडिकल जांच सहित अन्य साक्ष्यों से आरोपों की पुष्टि हुई।
यह कृत्य बिहार/झारखंड सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम 4 (i) से (iv) का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया। फलस्वरूप, झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के तहत उक्त कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनसे व्यक्तिगत तौर पर हाजिर होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निदेश दिया गया है।