गढ़वा : बुधवार को मिलावटी एवं नकली मिठाइयों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 3 क्विंटल (300 किलो से अधिक) संदिग्ध, मिलावट युक्त, नकली एवं हानिकारक खराब मिठाइयों को जब्त किया गया।

जब्त मिठाइयों को नगर परिषद की स्वच्छता टीम के माध्यम से जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबा दिया गया। जिससे उनका पुनः उपयोग न हो सके और न ही कोई जानवर उसे खा सके। छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री श्रीवास्तव, नगर परिषद के नगर प्रबंधक एवं पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। जांच के दौरान कई दुकानों से सड़ी-गली मिठाइयां बरामद हुईं।
वहीं, कुछ दुकानों में खाद्य पदार्थों में उपयोग होने वाले मानक रंगों के बजाय होली में इस्तेमाल होने वाले रंग मिलाए जाने की पुष्टि हुई। इसके अलावा चांदी के वर्क की जगह एल्यूमिनियम वर्क का इस्तेमाल भी पाया गया, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश नकली मिठाइयों की आपूर्ति औरंगाबाद, गया आदि क्षेत्रों से हो रही है। साथ ही स्थानीय स्तर पर प्लास्टिक कारोबार से जुड़े कुछ लोगों द्वारा इसकी सप्लाई किए जाने की सूचना भी मिली है। प्रशासन ने ऐसे सभी संदिग्ध आपूर्ति श्रृंखला की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अगस्त माह में भी एसडीएम संजय कुमार द्वारा इसी प्रकार की कार्रवाई करते हुए 50 क्विंटल से अधिक मिठाइयों को जब्त कर नष्ट किया गया था तथा सभी पर एक-एक लाख रुपए का रुपये का जुर्माना भी जिला प्रशासन की ओर से लगाया गया था। बावजूद इसके, वही कारोबारी संभवतः पुनः सक्रिय हो गए हैं। बाजार क्षेत्र के जिन व्यापारियों के नाम इस प्रकरण में सामने आ रहे हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी नमूनों की जांच करवाकर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई एवं जुर्माना सुनिश्चित किया जाए। यह अभियान बस स्टैंड एवं रंका मोड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया।