चतरा : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दक्षिणी वन प्रमंडल चतरा, उत्तरी वन प्रमंडल चतरा, जिला खनन कार्यालय, जिला परिवहन कार्यालय, जिला मत्स्य कार्यालय, नगर परिषद, अवर निबंधन कार्यालय, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, कृषि उत्पादन बाजार समिति, विद्युत प्रमंडल चतरा, जिला नीलाम पत्र कार्यालय, जिला कृषि कार्यालय एवं जिला सहकारिता कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण कार्यों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में राजस्व संग्रहण की प्रगति प्रतिवेदन का विभागवार आकलन किया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व संग्रहण कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, वहां समन्वय स्थापित कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाई जाए।

उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी की नियुक्ति से संबंधित विषय पर उपायुक्त स्तर से अनुशंसा कर पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं विद्युत विभाग के पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अगली बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया। साथ ही आगामी बैठक में शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार, उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वैभव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद, जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *