मेदिनीनगर : झारखंड सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों के लिए राज्यभर में विशेष भौतिक सत्यापन अभियान शुरू किया गया है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं तथा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
पंचायत स्तर पर गठित टीम गांव-गांव पहुंचकर लाभुकों का सत्यापन करेंगी। पंचायत सचिव को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि जनसेवक, रोजगार सेवक एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं सहयोग करेंगी।
सत्यापन के दौरान लाभुकों का आधार और मोबाइल नंबर अपडेट किया जाएगा तथा एनएसएपी एवं जेएमएमएसवाई पोर्टल में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। अपात्र लाभुकों के नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
*प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सत्यापन अभियान पूरी तरह निःशुल्क है। लाभुकों को किसी भी कर्मचारी या कर्मी को किसी प्रकार का पैसा देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति सत्यापन के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है।*
सरकार का उद्देश्य योजनाओं में पारदर्शिता लाना तथा वास्तविक जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाना है।