मेदिनीनगर : बुधवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय सभाकक्ष में पलाश जेएसएलपीएस के विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सखी मंडल की दीदियों के लिए संचालित सभी डोमेन की विस्तृत समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लक्ष्य को हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नए एसएचजी गठन का लक्ष्य 3400 निर्धारित था, जबकि 2032 नए सखी मंडलों का ही गठन हो सका। इस पर उन्होंने लंबित लक्ष्य को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक पहल करने को कहा।उपायुक्त ने लिवलीहुड फार्म एवं नॉन फार्म गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए महिलाओं की आजीविका से जुड़े कार्यों को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने नॉन फार्म एवं पीएमएफएमई योजनाओं पर विशेष फोकस के साथ कार्य करने का निर्देश दिया ताकि सखी मंडल की दीदियों को स्वरोजगार एवं आय वृद्धि के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।बैठक में खाद्य पोषण, स्वच्छता एवं जेंडर रिसोर्स सेंटर से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक को निर्देशित किया कि सभी डोमेन की प्रत्येक सप्ताह नियमित समीक्षा करें तथा लक्ष्य आधारित कार्य करते हुए अधिकतम क्षमता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा, सभी जिला प्रबंधक एवं सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक उपस्थित रहे।