CRIME NEWS: विगत दिनों रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में बैंक कर्मी विकास कुमार की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था। अब इस मामले में मृतक के भाई विक्की कुमार ने अरगोड़ा थाना में आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के भाई विक्की ने बताया कि उनका भाई विकास रांची के एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह अपनी पत्नी के साथ अरगोड़ा के बुद्ध विहार कॉलोनी में रह रहा था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि विकास के शरीर पर कई संदिग्ध निशान मिले हैं। साथ ही उनके बाएं हाथ के अंगूठे पर गहरे नीले रंग की स्याही जैसा निशान भी पाया गया है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। विकास ने परिजनों से बातचीत के दौरान यह बताया था कि उसकी पत्नी अक्सर उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है।
विक्की ने बताया कि उन्हें उनकी मां ने 10 मई को बताया था कि उनके भाई ने सुसाइड कर लिया है और उसे पारस अस्पताल ले जाया जा रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने शव देखा तो गले पर फांसी का स्पष्ट निशान नहीं था। वहीं मृतक का पेट फूला हुआ था और अंगूठे पर भी स्याही जैसे किसी चीज का निशान था।
इधर घटना के बाद से मृतक की पत्नी फरार है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।