लाइव पलामू न्यूज़/मेदिनीनगर: पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल पुलिस ने पीएलएफआई के सब जोनल कमांडर समेत तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार उग्रवादियों में पीएलएफआई का सब जोनल कमांडर राकेश जी उर्फ ​​राम विजय लोहरा, सक्रिय कमांडर रूपेश राम और धर्मेंद्र लोहरा शामिल हैं। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को प्रेसवार्ता करते हुए डीएसपी आशुतोष कुमार सत्यम ने दी।

उन्होंने बताया कि दरअसल, पीएलएफआई का सब जनरल कमांडर राकेश लोहरा कुछ दिनों से लातेहार जिले के कुछ इलाकों में सक्रिय था और लेवी के लिए लोगों को फोन कर धमका रहा था। इसी बीच लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली कि राकेश अपने कुछ साथियों के साथ मोटरसाइकिल से लेवी वसूलने हेरहंज की ओर जा रहा है। जिसके आलोक में टीम गठित कर नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई।

जिसमें पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार राकेश और उसके दो अन्य साथियों को पकड़ लिया। जब उनकी तलाशी ली गई तो गिरफ्तार लोगों के पास से पीएलएफआई के कुछ हस्तलिखित पर्चे और कुछ खाली पर्चे बरामद हुए। इसके बाद पुलिस तीनों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न ठेकेदारों व व्यवसायियों से रंगदारी मांग रहे थें। एक दिन पूर्व क्षेत्र में कार्यरत एक ठेकेदार से रंगदारी मांगी गई थी।

जिसके खिलाफ ठेकेदार ने हेरहंज थाने में मामला भी दर्ज कराया था। क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के लिए उग्रवादियों ने हिंसक घटना को अंजाम देने की भी योजना बनाई थी, लेकिन उग्रवादियों की योजना पूरी होने से पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों में राम विजय लोहरा इचाक बालूमाथ, रूपेश राम हेरहंज व धर्मेंद्र लोहरा चंदवा निवासी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *