मेदिनीनगर : पलामू पुलिस जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत पुलिस और व्यावसायिक मंडल के बीच एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों समेत शहर के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, शहर की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करना और पुलिस व जनता के बीच समन्वय को और मजबूत बनाना था। संगोष्ठी के दौरान जेवलर्स दुकानों कि सुरक्षा के कड़े इंतजामों पर चर्चा की गई। एसपी कपिल चौधरी ने ज्वेलर्स दुकानों में लूट और चोरी जैसी वारदातों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की बात कही।
उन्होंने सभी व्यवसायियों से विशेष अपील की कि वे सुरक्षा के लिहाज से अपनी दुकानों में पुलिस के द्वारा जारी कि गई क्यूआर कोड जरूर लगवाएं और एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों से यह भी अपील की कि वे अपनी दुकानों में काम करने वाले स्टाफ का वेरिफिकेशन नजदीकी थाने से अनिवार्य रूप से करवाएं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को विशेषकर महिलाओं और व्यापारियों के लिए चाक-चौबंद करने के लिए एसपी ने घोषणा की कि शहर में जल्द ही ‘पिंक पेट्रोलिंग’ गश्ती टीम की शुरुआत की जाएगी, जिसमें महिला पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगी। इसके अलावा सभी प्रमुख जगहों पर प्रॉपर चेकिंग पॉइंट बनाए जा रहे हैं और पुलिस गश्ती दल लगातार हर इलाके में मुस्तैद है।
वहीं शहर में रात 11 बजे के बाद चाय की दुकानों पान कि दुकानों में लगने वाले अनावश्यक भीड़ भाड़ व कुछ वेवज़ह बैठने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है अथवा उन्हें बंद करवा दिया जएगा। एसपी ने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए टेंपो स्टैंड में लगने वाले टेंपो को व्यवस्थित करने और सड़कों पर व्हाइट लाइन का पालन कराने की बात भी कही।
बैठक में हथियारों के लाइसेंस को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। एसपी ने कहा कि आत्मरक्षा के लिए हर समय अपना लाइसेंस रखना बहुत जरूरी नहीं है, इसे केवल किसी आपात स्थिति में ही साथ रखें। यदि किसी व्यवसायी को सुरक्षा संबंधी बड़ी समस्या या खतरा महसूस होता है, तो पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराएगी।
एसपी ने आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ के बारे में जानकारी साझा करते हुए लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या फर्जी व धमकी भरे कॉल आने पर बिना डरे तुरंत 112 पर कॉल करें और पुलिस की सहायता लें। सुरक्षा के घेरे को और मजबूत करने के लिए उन्होंने सभी आम नागरिकों और व्यवसायियों से अपने-अपने घरों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और साथ ही दुकानों के अंदर के अलावा दुकान के बाहर सड़क की तरफ भी सीसीटीवी कैमरे लगवाने की पुरजोर अपील की, ताकि अपराधियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके और किसी भी वारदात को होने से रोका जा सके।