लाइव पलामू न्यूज़/मेदिनीनगर: पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप को रांची के होटवार जेल से पलामू सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। सोमवार को दिनेश को कड़ी सुरक्षा के बीच पलामू लाया गया और सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया। पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश को अमरजीत सिंह, कुलदीप, साहेब, मरांग बुरू के नाम से भी जाना जाता है। पलामू सेंट्रल जेल के जेलर प्रमोद कुमार ने दिनेश गोप को पलामू सेंट्रल जेल में शिफ्ट किए जाने की पुष्टि की है।

उल्लेखनीय है कि मई 2023 में एनआईए की टीम ने टेरर फंडिंग मामले में दिनेश गोप को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से उसे रांची के होटवार जेल में रखा गया था। दिनेश गोप झारखंड के खूंटी के कर्रा प्रखंड के लापा मोरहाटोली गांव का रहने वाला है। उसपर झारखंड के विभिन्न जिलों में अपराध से जुड़े 150 से अधिक मामले दर्ज हैं। दिनेश का आतंक रांची, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, चाईबासा समेत कई जिलों में था। राज्य सरकार ने उसके सिर पर 25 लाख का इनाम रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *