लाइव पलामू न्यूज़/गढ़वा : जिले के मेराल प्रखंड के पेशका हाई स्कूल के मैदान में 19 सितंबर को आयोजित होने वाले “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के मद्देनज़र आवश्यक तैयारियों का जायजा लेने आज उपायुक्त शेखर जमुआर व पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय कार्यक्रम स्थल पहुंचे। गौरतलब है कि कल होने वाले आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में गढ़वा जिला समेत लातेहार जिले के लाभुक एवं आम जनता भी सम्मिलित होंगे।
इस दौरान अधिकारियों ने मैदान में बनाये गए मंच, टेंट एवं स्टॉल, कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था, अस्थायी शौचालय की व्यवस्था, आगंतुकों, अतिथियों एवं आमजनों के बैठने की समुचित व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, अस्थाई हेलीपैड निर्माण आदि समेत अन्य तैयारियों का जायजा लिया गया एवं मौके पर उपस्थित जिला स्तरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत अन्य संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि इस बृहद कार्यक्रम में गढ़वा जिले के लोगों के साथ-साथ लातेहार जिले के आम जन भी शामिल होंगे, जिससे यह एक बृहद एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रम हो जाएगा। यह एक प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम है जिसमें काफी चुनौती है। जिसे जिले के सभी पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ सक्रिय होकर निभाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को उनके कार्यों के अनुरूप सतर्क रहकर कर्तव्य निर्वहन करने की बातें कही गई। उपायुक्त द्वारा कृषक पाठशाला का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।