लाइव पलामू न्यूज़/मेदिनीनगर: बुधवार को सोन नदी के टीले से सुरक्षित निकालने का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें बाढ़ से प्रभावित 20 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उल्लेखनीय है कि जिले के हुसैनाबाद के देवरी कला गांव में आई बाढ़ में लोग सोन नदी के टीले में फंसे हुए थें। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार, हुसैनाबाद के अंचल अधिकारी पंकज कुमार और देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार की देखरेख में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
पुलिस बल के साथ देवरी ओपी के एएसआई अखिलेश यादव ने डीजल मोटर चालित नाव की सहायता से सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाया। रेस्क्यू किए गए लोगों में देवरी कला गांव की पूनम देवी और विनोद चौधरी भी शामिल थे। इधर, यूपी के रिहंद डैम से छोड़े गए अतिरिक्त पानी के कारण सोन नदी में जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। जिसके मद्देनजर हुसैनाबाद पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। दंगवार और देवरी कला जैसे सोन नदी के किनारे बसे गांवों में माइकिंग कर लोगों को नदी से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।