लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन के सदस्यों ने बुधवार को एक आपात बैठक बुलाई। जो कि आशी केयर हॉस्पिटल में संपन्न हुई। जहां अध्यक्ष मनीष तिवारी के घर में हुई चोरी की घटना पर गहरी चिंता जताई गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि शहर में चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाना अत्यावश्यक है। एसोसिएशन के सदस्यों ने इस मामले में ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शब्बीर अहमद से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उप विकास आयुक्त को शहर में हो रही चोरी की घटनाओं की जानकारी दी, जिस पर डीडीसी ने उन्हें सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही एसडीपीओ से बात की और मामले की जांच के निर्देश दिए।हालांकि, गांधी जयंती के अवसर पर उपायुक्त और पलामू एसपी से मुलाकात संभव नहीं हो सकी। लेकिन एसोसिएशन के सदस्यों ने आने वाले दिनों में जिले के कप्तान से मिलने का संकल्प लिया। यदि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन ने 10 दिनों के भीतर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
बैठक में आशी केयर हॉस्पिटल के मनीष तिवारी, विंध्याचल हॉस्पिटल के मनीष सिंह, आनंद नर्सिंग होम के आनंद सिंह, सोना नर्सिंग होम के अरुण सिंह, मंगलम हॉस्पिटल से मोहम्मद मंसूर, मां गुलाबी सेवा सदन से सुरेश मेहता, रजा हॉस्पिटल से इस्लाम रजा, क्योर एंड केयर हॉस्पिटल से मोहम्मद इस्लाम ,मातृछाया अस्पताल से चंद्रकांत, मईयां बाबू अस्पताल से डॉक्टर संतोष मेहता, लॉन्ग लाइफ केयर हॉस्पिटल से डॉक्टर ए अंसारी, अंशु हॉस्पिटल से सुनील कुमार सहित जिले के अन्य प्रमुख निजी अस्पतालों के संचालक उपस्थित रहें।