लाइव पलामू न्यूज: शुक्रवार को भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान असम के मुख्यमंत्री व भाजपा झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंता विस्व सरमा, शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद थें। मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश मे एनडीए की सरकार है। मोदी जी के नेतृत्व में शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है।
केंद्र की मोदी सरकार विकास और शासन का प्रतीक है। झारखंड में चुनावी बिगुल बज चुका है। इंडिया गठबंधन की सरकार झारखंड को तबाही के रास्ते पर ले गयी है। हमारी कोशिश है बेटी, माटी, रोटी और नौजवान सुरक्षित रहें। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में बीजेपी,आजसू, जदयू और लोजपा मिलकर चुनाव लड़ेगा। सीट शेयरिंग पर भी चर्चा हो चुकी है। आजसू 10 सीट सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर से अपना प्रत्याशी उतारेगा। वहीं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) दो सीट तमाड़ और जमशेदपुर पश्चिमी और एलजेपी (eJ) एक सीट चतरा से चुनाव लड़ेगा। बाकी सीटों पर बीजेपी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
वहीं हिमंता विस्व सरमा ने कहा कि यह चुनाव हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए के साथ लड़ेंगे। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में इंडिया गठबंधन ने झारखंड की जनता को सिर्फ छला है। जनता ठगा महसूस कर रही है। एनडीए जनता को इस तकलीफ से निकलना चाहती है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने अपने पिताजी की कसम खाकर कहा था कि अगर पांच लाख नौकरी नहीं मिलेगी तो वे संन्यास ले लेंगे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
उन्होंने विधानसभा में खड़े होकर बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी जो कि आज तक नहीं मिला। लड़कियों की सुरक्षा मामले में भी हेमंत सरकार विफल रही। 2022 में दुष्कर्म के मामले में पूरे देश में झारखंड प्रथम स्थान पर रहा। वहीं आदिवासियों की जमीन के फर्जी कागजात बना कर उसे बेच डाला। आदिवासी आज चिंतित है लेकिन झामुमो को किसी बात की चिंता नहीं है। क्योंकि वह वोट बैंक की राजनीति कर रही है।
वहीं आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि हमने झारखंड विधानसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने की घोषणा की है। राज्य की जनता दोनों दलों को एक साथ देखना चाहती है। उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2019 में जिन्होंने कमान संभाला, लोग उनसे निजात चाहती है। जनता का समीकरण तैयार हो रहा है। निजी हित और स्वार्थ में शासन और विकास विलुप्त है। हम राजनीतिक जवाबदेही के रूप में मिलकर नया जनादेश देने की तैयारी कर चुके हैं। राज्य को तरक्की के पैमाने पर खड़ा करना हमारी प्राथमिकता है।
