लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सतबरवा के एक किराना दुकान से अवैध शराब बरामद किया है। वहीं एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि सर्वोदय स्कूल के समीप स्थित एक राशन दुकान में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है।
जिसके आलोक में एक टीम गठित कर अग्रेत्तर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। टीम जैसे ही वहां पहुंची तो देखा कि किराना स्टोर के समीप भीड़ लगी हुई है। जैसे ही लोगों ने पुलिस को देखा सभी भागने लगे। पुलिस ने दुकान में छापेमारी की तो दुकान से अंग्रेजी और देशी शराब बरामद किया। पुलिस ने दुकानदार प्रदीप प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की बाजार कीमत 15,835 रुपए बताई जा रही है।
