लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: चुनाव से पहले पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल पुलिस ने पांकी थाना क्षेत्र से 3 टीएसपीसी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से पुलिस ने एक एके-47 राइफल , एक पिस्टल, एक देसी कट्टा ,83 जिंदा गोली, मोबाइल और पर्चा भी बरामद किया है। पकड़े गए तीनों नक्सलियों में संतु उर्फ शैलेन्द्र जी, प्रेम गंझू और हेमंत उर्फ सरवन का नाम शामिल है। तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है।
जहां संतु उर्फ शैलेंद्र जी पर चतरा में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या और एक ही परिवार को दो लोगों की हत्या करने सहित 4 मामले अलग-अलग थाने में दर्ज है। वहीं प्रेम गंझू पर अलग-अलग थाने में छह कांड दर्ज है। हेमंत उर्फ सरवन पर दो अलग-अलग थाने में कांड दर्ज है।
उक्त आशय की जानकारी एसपी रेष्मा रमेशन ने प्रेसवार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को रात के करीब आठ बजे रात सूचना मिली कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के तीन-चार सदस्य (आक्रमण गंझू का दस्ता) हथियारों के साथ पांकी थाना अन्तर्गत कारीमाटी जंगल के आसपास घूम रहा है।
वे आगामी विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने, संवेदकों से लेवी वसूलने तथा अपने संगठन का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं। जिसके आलोक में एसपी ने पांकी थाना प्रभारी, मनातू थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की। टीम ने कारीमाटी जंगल में घेराबंदी कर तीनों टीएसपीसी नक्सलियों को गिरफ्तार किया।
