लाइव पलामू न्यूज/ गढ़वा: गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने सभी राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार अभियानों में बच्चों का इस्तेमाल करने नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पार्टी और उम्मीदवार चुनावी प्रक्रिया के दौरान बच्चों से पोस्टर और पर्चे नहीं बंटवाएं। ना ही नारेबाजी करवाएं। इसे लेकर चुनाव आयोग ने पहले से ही स्पष्ट निषेधात्मक निर्देश दिए हैं।
ऐसे में यदि किसी पार्टी या उनके उम्मीदवार द्वारा चुनावी प्रचार-प्रसार के क्रम में बच्चों का उपयोग किया जाता है तो यह चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि कोई राजनीतिक नेता या उम्मीदवार चुनाव प्रचार के दौरान बच्चों को गोद में लेने और गाड़ियों में बैठाकर घुमाने लग जाते हैं ऐसे कार्यों से भी बचना होगा। किसी चुनावी सभा या रैली में बच्चों से कविता-गीत पढ़वाने और भाषण पर भी पूर्णतः पाबंदी है।
