लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक किराना दुकान से अवैध शराब की 1 हजार से ज्यादा बोतलें जब्त की है। अवैध शराब बेचने के जुर्म में पुलिस ने दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त शराब की बाजार कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामला लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ओरिया हाई स्कूल के पास के एक किराना दुकान की है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ओरिया उच्च विद्यालय के पास स्थित एक किराना दुकान में अवैध शराब की बिक्री की जाती है। जिसके बाद एक टीम गठित कर पुलिस ने दुकान में छापेमारी कर शराब जब्त कर लिया। जब छापेमारी के लिए पुलिस मौके पर पहुंची तो उस समय भी दुकान में काफी भीड़ थी।
पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई साथ ही दुकान मालिक भी मौके से फरार होने लगा। हालांकि पुलिस ने दौड़ा कर आरोपी को गिरफ्तार लिया। इस दौरान पुलिस ने 988 बोतल विभिन्न कंपनी की विदेशी शराब जिसमें बियर की बोतलें भी शामिल हैं, जब्त किया है। इसके अलावा 95 बोतल टनाका देसी शराब बरामद की गई है जिसकी बाजार में कीमत एक लाख से ज्यादा बतायी जा रही है।
