लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व पर वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट का महाभियान जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट विगत कई वर्षों से जरुरतमंद छठव्रतियों के बीच नयी साड़ियां, फल, सिंदूर, सूखे मेवे ,घी, अगरबती और अन्य पूजन सामग्रियों का वितरण करता आ रहा है। इस बार यह अभियान 5 से 7 नवंबर तक लगातार चलेगा। इस संबंध में बात करते हुए संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने बताया कि पलामू की आम जनता और हमारे कुछ रिश्तेदारों के सहयोग से यह महाअभियान हर साल संपन्न होता है। इस साल भी इसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट का यह अभियान जरूरतमंद छठव्रतियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं। उन्होंने लोगों से अपील किया कि आप सभी के आसपास भी कोई ऐसी छठव्रती हों तो उन्हें बेलवाटिका स्थित वरदान कार्यालय भेजें।