लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पलामू पहुंचे‌। जहां उन्होंने छत्तरपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार पुष्पा देवी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगर झारखंड में भाजपा की सरकार बनी तो भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे। पेपर लीक मामले की जांच कर दोषियों को जेल भेजने का काम किया जायेगा। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड सरकार ने नौकरी देने के नाम पर 17 युवाओं को दौड़ाकर मार डाला। पीएम मोदी ने झारखंड के लिए 390 करोड़ दिया था, लेकिन कांग्रेस वाले सारा का सारा पैसा खा गये।

राहुल बाबा कहते हैं कि कश्मीर में फिर से आर्टिकल 370 लायेंगे। लेकिन भाजपा जब तक रहेगी, कांग्रेस कभी 370 नहीं ला पायेगी। उन्होंने भाजपा की सरकार बनने पर दो लाख युवाओं को नौकरी देने का भी वादा किया। वहीं उन्होंने कांग्रेस के मंत्रियों के पास से 300 करोड़ रूपये पकड़ाने की बात करते हुए कहा कि नोटों की गिनती के लिए 27 मशीनें लगायी गयी। लेकिन नोट इतने थे कि 27 मशीन भी कम पड़ गयी ‌। अगर भाजपा की सरकार बनती है तो इन सभी को उल्टा लटका कर सीधा कर दिया जाएगा।

अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह पार्टी पिछड़ा विरोधी है। राहुल गांधी और उनकी पार्टी मंडल कमीशन लागू करने में विफल रही। कांग्रेस संविधान के नाम पर केवल कोरा कागज लेकर चल रही है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा ने ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया। लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी ओबीसी और आदिवासियों का आरक्षण काटकर माइनोरिटी को आरक्षण देने की बात करते हैं। राहुल बाबा ने संविधान और बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया है।

उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड सरकार वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देने के काम कर रही है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी हमेशा से इसका विरोध कर रही है। घुसपैठिए हमारी आदिवासी बहन बेटियों से शादी कर उनकी जमीन हड़प रहे हैं। हमारी सरकार बनी तो घुसपैठियों को बाहर निकालकर फेंका जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *