लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां विश्रामपुर के निर्दलीय प्रत्याशी ब्रह्मदेव प्रसाद के कार्यकर्ता आनंद विश्वकर्मा की कार में बरडीहा थाना क्षेत्र के कुंद्रहे मोड़ पर अज्ञात अपराधियों ने आग लगा दी। आनंद कांडी में जनसंपर्क कर पैतृक गांव बरडीहा से खाना खाकर रविवार की रात करीब 11.30 बजे मझिआंव लौट रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई।

बताया जा रहा है कि बरडीहा के पास एक व्यक्ति ने हाथ देकर आनंद की गाड़ी को रोका। जैसे ही गाड़ी रुकी पीछे से 2 लोग और आ गए। आनंद विश्वकर्मा को जान से मारने और गाड़ी को आग लगाने की बात कहने लगे। तब आनंद जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर भाग निकले। बाद में अपराधियों ने गाड़ी में आग लगा दी। इधर घटना की सूचना पर ब्रह्मदेव प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने आनंद विश्वकर्मा के साथ इस तरह की साज़िश की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि हमारे किसी भी कार्यकर्ता के साथ किसी भी प्रकार का कुछ भी होता है तो हम हमेशा उनके साथ खड़े हैं। चाहे हमें अपनी जान भी क्यों न देनी पड़े। ब्रह्मदेव ने एसपी को फोन कर आनंद विश्वकर्मा की जान जोखिम के मद्देनजर सुरक्षा की मांग की। वहीं ब्रह्मदेव ने कहा कि विरोधियों के इस तरह की मानसिकता से हम रुकने और डरने वाले नहीं हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *