लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां बदमाशों ने ग्रामीण बैंक की खिड़की की ग्रिल एवं शीशा उखाड़ कर बैंक के लॉकर से 10 लाख रुपये गायब कर दिए। घटना रविवार देर शाम हुई लेकिन इसकी जानकारी सोमवार को बैंक खुलने के समय करीब सुबह 10 बजे हुई। दरअसल, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की बेलवाटिका शाखा खुलने के निर्धारित समय पर बैंककर्मी मानकी ओनहागा जब बैंक पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो देखा कि खिड़की टूटी हुई है।
खिड़की में लगे लोहे के हिस्से गायब थे और बैंक के अंदर आलमारी टूटी हुई थी। वहीं पास में लॉकर भी खुला हुआ था। जिसके बाद बैंककर्मी ने घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक सरोज कुमारी को दी। शाखा प्रबंधक समेत अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इधर घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में बैंक मैनेजर सरोज कुमारी ने बताया कि पैसा रखने वाले लॉकर की चाभी बैंक के आलमीरा में रखी जाती है। चोर ने आलमीरा तोड़ा जिससे उसके हाथ लॉकर की चाभी लग गई। लॉकर में 13 लाख 25 हजार रुपये थे।
चोरों ने सारे पैसे निकाल लिए थे लेकिन वह केवल 10 लाख रुपये लेकर जा सके। बाकी बचे तीन लाख 25 हजार रुपये खिड़की के पास गिरे हुए मिले। शाखा प्रबंधक ने बताया कि घटना रविवार देर शाम 6.30 बजे घटित हुई है। एक चोर सीसीटीवी में दिखा है। बैंक में घुसने के बाद बदमाशों ने सबसे पहले सीसीटीवी को बंद कर दिया।
