लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: बुधवार की सुबह 7 बजे से झारखंड विधानसभा के 43 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। जहां मतदान को लेकर जिले के मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पांच विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है। ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिला और पुरुष घरों से निकलकर मतदान कर रहे हैं। जहां पलामू डीसी सह निर्वाचन पदाधिकारी शशि रंजन ने पलामू क्लब के मतदान केंद्र पर मतदान किया।
वहीं पलामू एसपी रिस्मा रमेशन ने सिंचाई विभाग स्थित मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। दोनों पदाधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्र पर आम लोगों की तरह लाइन में लगे और अपनी बारी का इंतजार कर वोट डाला। मतदान के बाद उपायुक्त शशि रंजन ने लोगों से भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर अच्छी सरकार बनानी है और राज्य का विकास करना है, तो घर से बाहर निकले और अपना कीमती वोट दें।
वहीं पलामू एसपी रेष्मा रमेशन ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहे हैं। मतदान को लेकर सभी मतदान केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। चुनाव के मद्देनजर पलामू में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। जिला कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र की मॉनिटरिंग की जा रही है, जहां पुलिस अधीक्षक ने खुद निगरानी की कमान संभाल रखी है। कंट्रोल रूम से सभी मतदान केंद्रों की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
दोपहर एक बजे तक पलामू में मतदान 44 प्रतिशत, पांकी में 44.77%, डाल्टनगंज में 43.23%, विश्रामपुर में 43.98%, छत्तरपुर में 44.69% और हुसैनाबाद में 43.53% प्रतिशत था।
