लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां दहेज के लिए एक युवती की हत्या की खबर सामने आई है। दरअसल, शनिवार को हुसैनाबाद के देवरी रोड में छोटी कुमारी (19 वर्षीय) अपने कमरे में मृत पाई गई। बताया जा रहा है कि, छोटी का पति सुभाष शर्मा हुसैनाबाद की एक दुकान में काम कर रहा था। इसी बीच सुभाष की मां ने उसे फोन कर बताया कि उसकी पत्नी छोटी कुछ बोल नहीं रही है। जिसके बाद घर पर एंबुलेंस भी मंगाया गया।

लेकिन एंबुलेंस आने पर घर के लोगों ने कहा कि मरीज ठीक है अस्पताल नहीं जाना है। वहीं, जब सुभाष अपने घर पहुंचा तो पाया कि उसकी पत्नी जो सात माह की गर्भवती है मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी है। जिसके बाद सुभाष ने इस घटना की सूचना अपने ससुर और हुसैनाबाद थाने में दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम करवाया और शव को परिजनों को सौंप दिया।

इधर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।‌ वहीं मृतका के पिता का कहना है कि दहेज को लेकर सास और ननद ने मिलकर गर्भवती बहु की हत्या गला दबाकर कर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने हुसैनाबाद के देवरी रोड निवासी सुभाष शर्मा के साथ जुलाई 2023 में प्रेम विवाह किया था। जिसके कारण घर के लोगों ने सुभाष को घर से निकाल दिया था। शादी के बाद दोनों किराए के मकान में रहते थे।

लेकिन एक दिन पहले ही सुभाष अपनी पत्नी को लेकर अपने पिता के देवरी रोड स्थित घर में रहने गया था। इसी बीच शनिवार की शाम जब सुभाष काम करने हुसैनाबाद बाजार गया तो उसकी माता व बहन ने छोटी को गला दबा कर मार डाला और बीमार होने का नाटक कर एंबुलेंस बुलाया। समाचार लिखे जाने तक मृतका के पिता ने आवेदन नहीं दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *