लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां दिल में दर्द उठने के कारण पंजाब निवासी एक ट्रक ड्राइवर की पलामू में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक ड्राइवर के दिल में अचानक दर्द उठा जिसके बाद वह पास के डॉक्टर के पास गया। डॉक्टर ने जांच कर दवा लिख दी। दवा लेकर जैसे ही वह क्लीनिक से बाहर निकला, बीच सड़क पर उसकी मौत हो गई। मृतक ड्राइवर की पहचान पंजाब के फरीदकोट निवासी जसविंदर के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर ट्रक मालिक और पलामू पुलिस की पहल पर ट्रक ड्राइवर का अंतिम संस्कार किया गया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि जसविंदर सिंह उर्फ जसबीर ओडिशा से ट्रक लेकर पंजाब के लुधियाना जा रहा था। इसी क्रम में पलामू के डालटनगंज के पास जसविंदर के दिल में दर्द उठा। जिसके बाद उसने तत्काल इसकी जानकारी ट्रक मालिक को दी। जिस पर ट्रक मालिक ने डॉक्टर से इलाज करवाने की सलाह दी। जसविंदर ने रेड़मा के एक निजी क्लीनिक में चेकअप करवाने के बाद दवा खरीद। इसके बाद वह जैसे ही रोड पर आया अचानक गिर पड़ा। गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे उठाकर एमएमसीएच पहुंचाया।
मामले की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल नंबर के माध्यम से ट्रक मालिक और उसके साथियों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। वहीं जसविंदर के साथियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी प्रेमिका से भी संपर्क किया। लेकिन जसविंदर की प्रेमिका ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह जसविंदर की सिर्फ दोस्त थी।
इधर घटना की सूचना पर ट्रक मालिक ने दूसरे ड्राइवर को भेजा और अंतिम संस्कार करने को कहा। बाद में पलामू पुलिस की पहल पर ट्रक ड्राइवर ने जसविंदर का अंतिम संस्कार कर दिया। बता दें कि जसविंदर के परिवार में कोई नहीं है।
